
अलीगढ़ 21 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मेसी एवं एमआईपीईआर विभाग द्वारा फार्मा अन्वेषण-2026 का आयोजन किया गया। जिसमें शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से फार्मा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते फार्मा इकोसिस्टम और नई तकनीकों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डा. सौरभ कोसेय ने “फार्मेसी में एआई की भूमिका” विषय पर व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को इसके व्यावहारिक उपयोग, महत्व और नैतिक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एआई तकनीक दवा निर्माण, रिसर्च और हेल्थकेयर सेवाओं में नई संभावनाएं खोल रही है। वहीं कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. अब्दुल वदूद सिद्दीकी, डा. सरफराज और डा. दशरथ सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए “फ्यूचर फार्मा इकोसिस्टम: एकेडेमिया, इंडस्ट्री, रिसर्च, रेगुलेटरी और प्रैक्टिस के बीच समन्वय” विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट समाज के स्वास्थ्य और कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और एआई के उपयोग से यह क्षेत्र और अधिक सशक्त हो रहा है।
इस अवसर पर पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन, पोस्टर प्रेजेंटेशन और रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन में मंतोष शाह प्रथम, मयंक गुप्ता व पीयूष चौधरी द्वितीय तथा नव्या सिंह व पियू सरोथी तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में पलक कुमारी प्रथम, जबकि खदीजा, रोहित राय, तनिष्क शर्मा और कृष्णावतार द्वितीय स्थान पर रहे। रील प्रतियोगिता में मंतोष शाह, नीतीश सेंगर, पारस सेंगर व किशोर मोहन प्रथम तथा शिव कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।























