
हाथरस 21 अप्रैल । हाथरस में उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त मजिस्ट्रेट्स, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के लिए पुख्ता इंतजाम करने और महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला कर्मियों से ही कराने के निर्देश दिए। परीक्षार्थियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित करने, परीक्षा केंद्रों के मैप लगाने और सभी केंद्रों पर सीसीटीवी व टीवी स्क्रीन के माध्यम से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी कार्यदायी संस्था को दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि केंद्रों के आसपास भीड़ जमा न होने दी जाए और संदिग्धों की सघन चेकिंग हो। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाएगा ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में असुविधा न हो। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवगत कराया कि तीन दिवसीय यह परीक्षा कुल 06 पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रतिदिन दो पालियां (सुबह 10 से 12 और दोपहर 3 से 5 बजे) निर्धारित हैं। जनपद हाथरस के 12 केंद्रों पर कुल 28,490 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 12 स्टैटिक, 12 सेक्टर व 05 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। बैठक में जिला प्रबंधक वरुण अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से जिम्मेदारियों का ब्यौरा दिया, वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने का आश्वासन देते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।























