
हाथरस 20 अप्रैल । प्रदेश शासन ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में हाथरस के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. बसंत अग्रवाल का भी तबादला कर दिया गया है। डॉ. बसंत अग्रवाल को अब निदेशक राज्य कर्मचारी बीमा योजना के पद पर नियुक्त किया गया है। वे पिछले करीब पांच वर्षों से हाथरस जनपद में तैनात थे और 23 अक्टूबर 2021 से एडीएम वित्त एवं राजस्व के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। डॉ. अग्रवाल वर्ष 2010 बैच के पीसीएस अधिकारी रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजस्व और वित्तीय मामलों में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में शासन ने उन्हें आईएएस कैडर में पदोन्नत किया था। इसके बाद से ही उनके तबादले की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब आखिरकार शासन ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप दी है।























