
हाथरस 19 अप्रैल । थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव दोहई में खेत में पानी लगाने के विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसमें एक किसान और उसके परिवार पर लाठी-डंडों व फावड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव दोहई निवासी पीड़ित रामब्रेज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अप्रैल की सुबह वह अपने खेत में पानी लगाने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव इसौदा निवासी पन्नालाल और उसके दो बेटों, शिवम व सुनील ने रामब्रेज के खेत में जा रहे पानी को काटकर अपने खेतों की ओर मोड़ दिया। जब रामब्रेज ने इसका विरोध किया और बताया कि पानी रात से उसके खेत में चल रहा है, तो तीनों आरोपी उग्र हो गए।
बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी पीटा
आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए तीनों ने लाठी-डंडे और फावड़े से रामब्रेज पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब रामब्रेज के भाई विजेंद्र और चाचा रामवीर सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीट दिया। हमले में रामब्रेज के सिर व बाजू में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं उनके चाचा का पैर चोटिल हो गया है। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित द्वारा 17 अप्रैल को दी गई तहरीर के आधार पर थाना सहपऊ पुलिस ने मामले की जांच एसआई राम महेश को सौंपी थी। प्राथमिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
























