सिकंदराराऊ (हसायन) 19 अप्रैल । हसायन कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर स्थित ग्राम असोई के पास रविवार को दो बाइकों में भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कासगंज निवासी एक परिवार जलेसर से दर्शन (जात) कर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। वहीं, सिकंदराराऊ से काम निपटाकर दो व्यक्ति, आशू (35 वर्ष) पुत्र धनपाल और वीरेंद्र (40 वर्ष), निवासी ग्राम नगला डांडा (जलेसर रोड), अपनी बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें ग्राम असोई के पास पहुँचीं, उनमें आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना की आवाज सुनकर पास ही मौजूद बजरंग दल के पदाधिकारी ललित द्विवेदी, विशाल रावत और नरेंद्र चौहान तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए लहूलुहान हालत में पड़े घायलों को सड़क के किनारे किया और तुरंत 108 एम्बुलेंस व 112 पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुँची दो एम्बुलेंसों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHCT) ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, नगला डांडा निवासी आशू और वीरेंद्र की हालत बेहद गंभीर है। वहीं, कासगंज निवासी परिवार के महिला और पुरुष को अंदरूनी (गुम्म) चोटें आई हैं। सूचना पाकर पुलिस और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।























