
हाथरस 19 अप्रैल । सावन कृपाल रूहानी मिशन के बैनर तले आज जनपद की तीनों प्रमुख शाखाओं—कृपाल आश्रम (गौशाला मार्ग), कृपाल आश्रम (पिछोंती हसायन) एवं राजिंदर आश्रम (वीर नगर सासनी) पर आध्यात्मिक साप्ताहिक सत्संग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। सत्संग के दौरान मिशन के प्रमुख व विश्व विख्यात आध्यात्मिक संत राजिंदर सिंह जी महाराज के पावन प्रवचन ऑडियो-वीडियो के माध्यम से प्रसारित किए गए। महाराज जी ने अपने संदेश में रूहानियत और आंतरिक शांति का मार्ग बताते हुए कहा कि मनुष्य को अपना जीवन शांति, सादगी और प्रभु की रजा में जीना चाहिए। प्रवचनों के उपरांत महाराज जी के सानिध्य में संगत ने सामूहिक रूप से भजन-अभ्यास किया और प्रभु का ध्यान लगाया।
मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तीनों शाखाओं पर विभिन्न गतिविधियां भी संचालित की गईं। इसमें बच्चों के लिए ‘बाल सत्संग’, आध्यात्मिक ज्ञान हेतु ‘दर्शन लाइब्रेरी’ और ‘बुक स्टाल’ लगाए गए। साथ ही जनसेवा के उद्देश्य से संचालित निःशुल्क आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एलोपैथिक डिस्पेंसरी और ‘कृपाल प्याऊ’ के माध्यम से भी लोगों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की गई, जिसे संगत ने बड़े ही प्रेम और अनुशासन के साथ ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में तीनों शाखाओं की प्रबंध समिति के सदस्यों और कर्मठ सेवादारों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
























