
हाथरस 17 अप्रैल । पुलिस लाइन्स ऑडिटोरियम में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023’ के समर्थन और महिला सशक्तिकरण हेतु भव्य कार्यक्रम व प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की मौजूदगी में जनपद की प्रभावी महिला हस्तियों ने इस कानून को मील का पत्थर बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह अधिनियम महिलाओं को केवल मतदाता नहीं, बल्कि नीति-निर्माता बनने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे देश की राजनीति में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जानकारी दी कि 1952 में महिलाओं का प्रतिनिधित्व मात्र 22 सीटों पर था, जो इस ऐतिहासिक कदम के बाद एक-तिहाई तक पहुँच जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर महिला नेतृत्व को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर कन्या गुरुकुल सासनी की छात्राओं ने झांसी की रानी की वीरता और नारी शक्ति पर आधारित कविताएं व गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। श्रीमती सुनीता मिश्रा ने मिशन शक्ति और अधिनियम के जमीनी प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, वन स्टॉप सेंटर की मनीषा भारद्वाज और रुचि, रीना यादव, कामिनी सहित कई महिला पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा सहित जनपद के आला अधिकारी और भारी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही।


























