Hamara Hathras

Latest News


​सासनी 14 अप्रैल । भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती आज कस्बा व ग्रामीण अंचलों में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहब के अनुयायियों ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें याद किया और उनके बताए गए शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जयंती समारोह की शुरुआत सुबह बस स्टैंड स्थित शहीद पार्क से हुई। यहाँ मोहर सिंह व अन्य अनुयायियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। इसी के साथ देश के महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। माल्यार्पण के पश्चात अनुयायियों द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नीले झंडों और ‘बाबा साहब अमर रहें’ व ‘जय भीम’ के गगनभेदी नारों के साथ यह रैली राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए कोतवाली चौराहे से होकर सासनी-इगलास मार्ग स्थित आंबेडकर पार्क पहुँची। रैली के दौरान सामाजिक एकता और समानता का संदेश दिया गया।

आंबेडकर पार्क पहुँचने पर अनुयायियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुनः माल्यार्पण किया। इसके बाद सभी ने मिलकर बाबा साहब के जन्मदिन का केक काटा और एक-दूसरे को बधाई देते हुए हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार व कस्बा इंचार्ज दीपक शुक्ला ने मय दलबल के साथ पूरी रैली और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page