Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अप्रैल । जिले में आने वाले दिनों में सूरज के तेवर और तीखे होने वाले हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (CSA) कानपुर द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, किसानों के लिए राहत की खबर यह है कि इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे खेतों में कटी पड़ी फसलों को नुकसान का खतरा नहीं होगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी दो दिनों तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा, जबकि इसके बाद के दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सात से नौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके सामान्य से तीन-चार किलोमीटर अधिक तेज हो सकते हैं।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को पकी हुई फसलों को लेकर सतर्क रहने और कृषि कार्य निपटाने की सलाह दी है कि गेहूं, चना, मटर, मसूर और अरहर जैसी फसलों की कटाई और मड़ाई का काम तुरंत पूरा कर लें। तेज हवाओं के मद्देनजर गेहूं की कटाई के बाद उनके बंडल जरूर बांधें, ताकि फसल उड़कर बर्बाद न हो। मड़ाई (थ्रेसिंग) का कार्य शाम या रात के समय करें जब हवा की गति शांत हो। आम के फलों को झड़ने से बचाने के लिए बागों की नियमित सिंचाई करें। कोयलिया रोग या आंतरिक सड़न से बचाव के लिए बोरेक्स का छिड़काव करना लाभकारी रहेगा। बढ़ती गर्मी और तेज हवाओं के बीच कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम के इस बदलाव के अनुसार अपनी कटाई की रणनीति तैयार करें ताकि नुकसान से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page