
हाथरस 14 अप्रैल । विनायक इंटरनेशनल स्कूल हाथरस में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं समाज सुधारक डा भीम राव अम्बेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया तथा कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्या द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभा के दौरान डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके महान विचारों, सामाजिक समानता के प्रति उनके योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने बताया कि किस प्रकार बाबा साहेब ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम माना और सभी को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके भाषणों ने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि हमें जीवन में सफलता प्राप्त करने और आगे बढ़ने के लिए बाबा साहब जी के आदर्शों, विचारों और मूल्यों को अपनाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए अनुशासन, परिश्रम और ईमानदारी के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को समानता, शिक्षा, संविधान एवं सामाजिक न्याय के महत्व से अवगत कराया गया। अंत में समस्त विद्यालय परिवार ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा।


























