
हाथरस 14 अप्रैल । बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (कांग्रेस) द्वारा कल, 15 अप्रैल को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन भी जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। यह प्रदर्शन कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज के कोऑर्डिनेटर श्री चंद्रगुप्त विक्रमादित्य की अगुवाई में संपन्न होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी देते हुए राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह ने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि और खराब मौसम ने किसानों की कमर तोड़ दी है। तैयार फसलें बर्बाद होने से अन्नदाता गहरे आर्थिक संकट में है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक राहत के ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर मोड़ पर किसानों के साथ खड़ी है। हमारी मुख्य मांग है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने जनपद के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें।


























