
हाथरस 11 अप्रैल । आगामी 15 अप्रैल से मांगलिक कार्यों और शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। वैवाहिक आयोजनों में भोजन व्यवस्था के लिए व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलिंडरों की मांग में अचानक तेजी आ गई है। इस मांग को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्पष्ट किया है कि जनपद में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी एजेंसी पर सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। शादी-विवाह के लिए व्यावसायिक सिलिंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को जिला पूर्ति अधिकारी या संबंधित तहसील के एसडीएम कार्यालय में आवेदन करना होगा। विक्रय अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश आवेदनों में 10 से 12 सिलिंडरों की मांग की जा रही है, जबकि एक सामान्य समारोह में औसतन 3 से 4 सिलिंडरों (19 किग्रा) की आवश्यकता होती है। एजेंसी संचालकों ने बताया कि नियमानुसार सिक्योरिटी राशि और गैस का मूल्य जमा कराकर उपलब्धता के आधार पर सिलिंडर दिए जा रहे हैं।
पारदर्शिता के लिए गूगल शीट का होगा उपयोग
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि पूर्ति कार्यालयों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों को एक ‘गूगल शीट’ के माध्यम से अपडेट किया जाए, जिसे ऑयल कंपनियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ साझा किया जाएगा। इससे आपूर्ति प्रक्रिया पारदर्शी होगी। साथ ही, उन्होंने एजेंसी संचालकों को हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि उपभोक्ता आसानी से बुकिंग और ई-केवाईसी करा सकें। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस न मिलने की आशंका में बार-बार बुकिंग न करें, क्योंकि इससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है।






















