Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 मार्च । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में “मिशन शक्ति” अभियान के पांचवें चरण के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में महिला बीट आरक्षियों और एंटी रोमियो पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशनों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बालिकाओं व महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान महिलाओं को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छोटे बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में विस्तार से समझाया और किसी भी संदेहास्पद स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं को साइबर अपराधों और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए दौर के खतरों से बचने के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति सतर्क किया गया। साथ ही, आपात स्थिति के लिए वूमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, पुलिस आपातकालीन सेवा-112 और चाइल्ड लाइन-1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी साझा की गई। पुलिस का यह अभियान नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page