Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 मार्च । जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सहपऊ और हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार रात्रि मढाभोज मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक शातिर लुटेरा फारुख (निवासी अल्हेपुर, चंदपा) घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए 5,000 रुपये, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

शराब के ठेकों को बनाता था निशाना

पूछताछ में अभियुक्त फारुख ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शराब के ठेकों की रेकी करता था और फिर योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदात को अंजाम देता था। उसने स्वीकार किया कि 19 मार्च को सहपऊ के ग्राम सिखरा स्थित देशी शराब के ठेके से उसने लूट की थी। इसके अलावा, 22 मार्च को हाथरस जंक्शन के ग्राम एहन स्थित शराब के ठेके पर भी लूट का प्रयास किया था, लेकिन वहां विरोध के कारण उसे भागना पड़ा था। बुधवार को वह दोबारा सहपऊ क्षेत्र के मढाका गांव में ठेके की रेकी करने आया था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

350 कैमरों और यक्ष ऐप से मिली मदद

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित टीमों ने इन घटनाओं के अनावरण के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और ‘यक्ष ऐप’ का उपयोग किया गया। क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में गठित तीन टीमों ने कड़ी घेराबंदी कर इस शातिर अपराधी को दबोचने में कामयाबी हासिल की।

पुलिस टीम की सराहना

सफल कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी सहपऊ मयंक चौधरी और थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन ललित कुमार शर्मा अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। एसपी हाथरस ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यप्रणाली की सराहना की है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और अभियुक्त के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page