
हाथरस 09 अप्रैल । भारत सरकार के निर्देशानुसार जनपद में 8वें ‘पोषण पखवाड़ा’ का गौरवमयी शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव वेबकास्ट) जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाभार्थियों, अभिभावकों और विभागीय अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
09 से 23 अप्रैल तक चलेगा अभियान
इस वर्ष पोषण पखवाड़ा 09 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मुख्य सेविकाओं और बाल विकास परियोजना अधिकारियों के माध्यम से पोषण स्तर में सुधार हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस अभियान को एक ‘जन-आंदोलन’ के रूप में संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।
आयोजित होंगी विविध गतिविधियां
पखवाड़े के दौरान जनपद में वजन दिवस, पोषण रैली, एनीमिया शिविर, प्रभात फेरी, साइकिल रैली और पोषण मेलों का आयोजन होगा। इसके साथ ही पोषण वाटिका निर्माण, पौधारोपण, योग सत्र और महिला स्वयं सहायता समूहों की बैठकें आयोजित कर समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इन पांच मुख्य थीमों पर रहेगा ध्यान
भारत सरकार द्वारा इस वर्ष पोषण पखवाड़ा हेतु निम्नलिखित पांच प्रमुख प्राथमिकताएं (थीम) निर्धारित की गई हैं –
-
माँ एवं शिशु पोषण: सुरक्षित मातृत्व और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य पर जोर।
-
मस्तिष्क विकास (0-3 वर्ष): शुरुआती वर्षों में बच्चों के मानसिक विकास हेतु प्रोत्साहन।
-
खेल-आधारित शिक्षा (3-6 वर्ष): आंगनबाड़ियों में खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करना।
-
स्क्रीन टाइम में कटौती: बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखने में माता-पिता की भूमिका तय करना।
-
सामुदायिक समर्थन: आंगनबाड़ियों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समाज का सहयोग जुटाना।
अभियान के पहले दिन ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर सही पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई।























