
हाथरस 09 अप्रैल । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को गृह विज्ञान विभाग के तत्वावधान में प्रदर्शनी ‘हुनर’ का भव्य आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रोफेसर सुषमा यादव के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता सिंह ने फीता काटकर तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव और प्रोफेसर नगमा यासमीन उपस्थित रहीं। छात्राओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर, अंग वस्त्र पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। प्रदर्शनी में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की छात्राओं ने अपने नाम के अनुरूप ‘हुनर’ का प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा तैयार की गई हस्तशिल्प सामग्री, आधुनिक रेजिन आर्ट, विभिन्न परिधानों की निर्माण कला और प्रादेशिक व्यंजनों के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही ‘उपचारात्मक आहार’ के माध्यम से बीमारियों में सही खान-पान के महत्व को भी दर्शाया गया। एक विशेष पहल के तहत स्नातकोत्तर की छात्राओं ने अतिथियों और आगंतुकों की बीएमआई (BMI) गणना की। छात्राओं ने प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उन्हें उनके पोषण स्तर से अवगत कराया और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सुझाव दिए। अतिथियों ने छात्राओं के इस वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा गत वर्ष आयोजित ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ की विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजयी छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गृह विज्ञान विभाग की प्रोफेसर रंजना सिंह, श्रीमती अतिमा भारद्वाज और कुमारी गुंजन अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। इस दौरान प्रोफेसर संगीता अरोरा, प्रो. मंजू वर्मा, प्रो. अंजू आर्य, प्रो. मधु, डॉ. कुसुम लता शर्मा, डॉ. रश्मि, डॉ. शशि, डॉ. वर्षिका, श्रीमती स्वाति सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।























