
हाथरस 08 अप्रैल । रोडवेज बस स्टैंड के लिए तरस रहे सिकंदराराऊ के यात्रियों का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। जीटी रोड पर अलीगढ़ की तरफ रतनपुर कृषि फार्म की दो हेक्टेयर जमीन कृषि विभाग द्वारा परिवहन निगम को हस्तांतरित कर दी गई है। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने जानकारी दी कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने से अब बस स्टैंड निर्माण में कोई बाधा नहीं रही। बस स्टैंड न होने से अभी तक यात्रियों को एटा फाटक या पंत चौराहे जैसे विभिन्न स्थानों पर खुले में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता था, जिससे सुरक्षा का भी खतरा बना रहता था। अब रतनपुर में डिपो बनने से यात्रियों को एक ही स्थान पर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।

























