
हाथरस 06 अप्रैल । थाना सासनी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बरसै में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक परिवार के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि अब लाइसेंसी बंदूक के दम पर मुकदमा वापस लेने का दबाव भी बना रहे हैं। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस के साथ-साथ सांसद से भी मामले की लिखित शिकायत की है। पीड़ित संजू ने बताया कि बीते 2 मार्च 2026 को गांव के ही दबंग गौरीशंकर, आकाश, सतपाल और विकास ने एक राय होकर उनके घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने संजू की पत्नी संगीता, उनकी नाबालिग पुत्री मिनी और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले और बढ़ गए हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नामजद आरोपी अब उन पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहे हैं। दबंगों द्वारा सरेआम लाइसेंसी बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी जा रही है कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो अंजाम बुरा होगा। खौफ के साये में जी रहे परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। सासनी पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध तथ्यों के आधार पर कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।























