Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 अप्रैल । जिले में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ठगों ने अब एक स्थानीय कारोबारी को अपना निशाना बनाते हुए शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर उनसे कुल 91.30 लाख रुपये की बड़ी रकम हड़प ली है। शातिर ठगों ने पीड़ित को भरोसे में लेकर एक-दो बार नहीं, बल्कि कुल 17 बार अलग-अलग खातों में निवेश के नाम पर पैसा ट्रांसफर कराया। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, उनकी मुलाकात सोशल मीडिया या व्हाट्सएप के जरिए कुछ अज्ञात व्यक्तियों से हुई थी, जिन्होंने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताया। शुरुआत में पीड़ित को कुछ लाभ दिखाकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर 17 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से उनसे 91.30 लाख रुपये की राशि निवेश करा ली।

रिफंड मांगते ही सामने आई हकीकत

जब पीड़ित ने अपने निवेश किए गए पैसे और उस पर हुए मुनाफे को वापस निकालने (विड्रॉल) का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनसे टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर और पैसों की मांग शुरू कर दी। संदेह होने पर जब पीड़ित ने कड़ाई से अपनी रकम वापस मांगी, तो ठगों ने संपर्क तोड़ दिया और अपना मोबाइल व सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़ित ने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस और साइबर सेल में दर्ज कराई है।

साइबर सेल और पुलिस जांच में जुटी

साइबर सेल ने मामला दर्ज कर उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है, जिनमें पैसा ट्रांसफर किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर शेयर बाजार या किसी अन्य स्कीम में भारी निवेश न करें और हमेशा अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही चुनाव करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page