
हाथरस 06 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हाथरस गेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दयानतपुर किन्दौली नहर पुलिया के पास से एक शातिर अपराधी को भारी मात्रा में नशीले पाउडर (डायजापाम) के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त रिंकू उर्फ पतरे, पुत्र हीरा लाल, निवासी नगला अलगर्जी (थाना हाथरस गेट) बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस ने इसके कब्जे से 522 ग्राम नशीला पदार्थ (डायजापाम) बरामद किया है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध हाथरस, अलीगढ़ और आगरा के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना की टीम ने सटीक सूचना पर घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0स0 140/2026 के तहत धारा 21/22 एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम में मामला पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना मय पुलिस टीम थाना हाथरस गेट का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप व्याप्त है।

























