
हाथरस 06 अप्रैल । थाना हाथरस गेट क्षेत्र की विवेकानन्द कॉलोनी में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के कड़े निर्देशों के बाद सक्रिय हुई हाथरस गेट पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि बीते रविवार को लेबर कॉलोनी निवासी दिनेश चन्द्र श्रोती ने पुलिस को सूचना दी थी कि विवेकानन्द कॉलोनी निवासी तरुण शर्मा ने उनके मित्र अनुराग ज्योति (पुत्र जे.एस. सक्सेना) को अपने घर ले जाकर पहले शराब पिलाई और फिर मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट नितिन कसाना की टीम ने आज आरोपी की तलाश में दबिश दी। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने विवेकानन्द कॉलोनी से आरोपी तरुण शर्मा पुत्र स्व. हरीश कुमार शर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0स0- 136/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

























