Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 06 अप्रैल । राजीव इंटरनेशनल स्कूल के होनहार छात्र लक्ष शर्मा ने स्केटिंग में अद्भुत कारनामा करते हुए अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है। 19 फरवरी को 6 साल 10 महीने की उम्र में लक्ष ने वृंदावन की व्यस्त सड़क पर 13.03 किलोमीटर की दूरी 39 मिनट 34 सेकेंड में पूरी कर यह इतिहास रचा है। विद्यालय के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने होनहार लक्ष को शाबाशी देते हुए उसका हौसला बढ़ाया तथा कहा कि यह समूचे ब्रज मण्डल के लिए गौरव की बात है। राजीव इंटरनेशनल स्कूल का चमकता सितारा लक्ष स्केटिंग में अब तक दर्जनों पदक जीत चुका है। इससे पहले गाजियाबाद में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन-1 रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में लक्ष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया था। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाले इस होनहार लक्ष के कारनामे और उपलब्धि से उसके माता-पिता तथा कोच बहुत खुश हैं। खुश होना भी चाहिए क्योंकि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। लक्ष की इस शानदार उपलब्धि पर इंडिया बुक द्वारा उसे स्वर्ण पदक, इंडिया बुक, बैज और सर्टिफिकेट आदि देकर सम्मानित किया गया।

राजीव इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल और प्रधानाचार्या प्रिया मदान ने लक्ष की इस असाधारण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक प्रदर्शन ब्रज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। चेयरमैन श्री अग्रवाल ने कहा कि लक्ष का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में आधिकारिक रूप से दर्ज होना अविस्मरणीय बात है। श्री अग्रवाल ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि भविष्य में भी लक्ष राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपने जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने कहा कि इससे अन्य बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। श्री अग्रवाल ने कहा कि अब खेलों के मायने बदल गए हैं। छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को कुछ समय देकर तन और मन से स्वस्थ रह सकते हैं।

प्रधानाध्यापिका प्रिया मदान ने कहा कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल में हर क्षेत्र की नायाब प्रतिभाएं हैं। लक्ष ने रोलर स्केटिंग जैसे खेल में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर यह साबित किया है कि उसमें गजब की क्षमता है। प्रधानाध्यापिका प्रिया मदान ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा की प्रतिभा को पहचान कर उसे प्रगति पथ पर अग्रसर करना ही राजीव इंटरनेशनल स्कूल का उद्देश्य है। भविष्य में भी यहां के छात्र-छात्राएं इसी तरह सफलताएं हासिल कर अपने जिले और प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page