
हाथरस 05 अप्रैल । इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति की आधिकारिक चेयरमैन विजिट शुक्रवार को जैक डोनाल्ड रेस्टोरेंट में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. सुरुचि सक्सैना की उपस्थिति में आयोजित इस सभा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। क्लब की अध्यक्ष मंजूलता वार्ष्णेय व समस्त सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन का स्वागत कर विधिवत औपचारिकताएं पूर्ण कीं। सेवा कार्यों की श्रृंखला में क्लब द्वारा एक निर्धन कन्या के विवाह हेतु गृहस्थी का सामान और नकद राशि उपहार स्वरूप भेंट की गई। इस अवसर पर ‘जल है तो जीवन है’ विषय पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। समाज के प्रति पत्रकारों के योगदान को सराहते हुए उन्हें पटका पहनाकर व प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चित्र भेंट किए गए। इस दौरान सचिव मधुराज शर्मा, सी जी आर गुंजन दीक्षित, रजनी, मीनू, साधना, सुमन, नीलम गुलाठी, लीला खंडेलवाल सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन दीप्ती वार्ष्णेय द्वारा किया गया।























