
हाथरस 02 अप्रैल । निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा संचालित ‘रोटी बैंक सेवा’ ने आज सेवा और समर्पण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है। जनवरी 2018 से शुरू हुई यह सेवा यात्रा आज अपने 3000 दिन (लगभग 8 वर्ष से अधिक) सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुकी है। इस उपलक्ष्य में गांधी पार्क तिराहा स्थित अन्न क्षेत्र परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो भक्ति और सेवा के संगम के रूप में यादगार बन गया। संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने केक काटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह सेवा कुछ लोगों के छोटे से संकल्प से शुरू हुई थी, जिसके पास न तो अधिक संसाधन थे और न ही बड़ा सहयोग। लेकिन “कोई भूखा न सोए” के अडिग संकल्प ने आज इसे एक विशाल परिवार बना दिया है। उन्होंने हर उस व्यक्ति का आभार व्यक्त किया जिसने रोटी बनाकर, समय देकर या आर्थिक सहयोग के माध्यम से इस कारवां को आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी एवं पूर्व सांसद श्री राजेश दिवाकर रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि 3000 दिनों तक बिना रुके निरंतर सेवा करना समाज के लिए एक महान प्रेरणा है। यह निरंतरता ही सच्ची मानवता की पहचान है। इस विशेष अवसर पर आयोजन की शुरुआत जरूरतमंदों को ठंडे दूध के वितरण से हुई। इसके पश्चात संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखे। संस्था द्वारा जरूरतमंदों के लिए विशेष भोज का प्रबंध किया गया और उन्हें अंगवस्त्र भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव व निष्कर्ष गर्ग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, डॉ. रंगेश शर्मा, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, रितिक बंसल, टेकपाल कुशवाह, दीपांशु वार्ष्णेय, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सुलभ गर्ग, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, यश वार्ष्णेय, सुनील कुमार और अमन अग्रवाल सहित अनेक सेवाभावी सदस्य मौजूद रहे।






















