
हाथरस 18 मार्च । जिले के शहरी इलाकों के बाद अब देहात में भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर का ‘खौफ’ देखने को मिल रहा है। बिजली बिल का बैलेंस माइनस में पहुँचते ही मीटर अपने आप सप्लाई काट रहे हैं। बुधवार को चंदपा क्षेत्र में इसका बड़ा असर देखने को मिला, जहाँ ग्रामीण बैंक और पेट्रोल पंप सहित करीब एक हजार घरों की बिजली गुल हो गई।
बैंक में मची हलचल, जनरेटर के सहारे हुआ काम
क्षेत्र के मीतई स्थित ‘ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त’ का बिजली कनेक्शन बुधवार को अचानक कट गया। छानबीन करने पर पता चला कि बैंक के स्मार्ट मीटर में करीब 6 हजार रुपये का बिल बकाया था। अचानक सप्लाई बंद होने से बैंक के कामकाज में व्यवधान उत्पन्न हो गया और कर्मचारियों व ग्राहकों में हलचल मच गई। बाद में जैसे-तैसे जनरेटर चलाकर बैंक की बैंकिंग कार्यवाही पूरी की गई।
पेट्रोल पंप पर 30 हजार बकाया, सप्लाई बंद
इसी प्रकार बिसाना स्थित एक पेट्रोल पंप की बिजली सप्लाई भी बैलेंस खत्म होने के कारण अपने आप बंद हो गई। बताया गया है कि पेट्रोल पंप पर करीब 30 हजार रुपये का बिल बकाया था। अचानक बिजली कटने से पंप के संचालन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
25 से अधिक गांवों में छाया अंधेरा
बिजली विभाग के अनुसार, बिल जमा न होने के कारण बुधवार को चंदपा क्षेत्र के करीब एक हजार घरों की सप्लाई ऑटोमैटिक कट गई। प्रभावित होने वाले गांवों में मुख्य रूप से नगला ओझा, महमूदपुर ब्राह्मणान, चंदपा, बघना, नगला भुस, झींगुरा, खेड़ा परसौली, बूलगड़ी, अनीगड़ी, बिसाना, संटीकरा, केवल गड़ी, लखूपुरा, खेरिया डहर, खेरिया जोध, गिजरौली, मीतई, नगला भीम, कलवारी, तेहरा, शहजादपुर, तरफरा, परसारा, कुम्हरई और पैकवाडा शामिल रहे।
जेई की चेतावनी: बैलेंस को ‘प्लस’ में रखें
चंदपा बिजली घर के जेई जितेंद्र कुमार ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर की कार्यप्रणाली पूरी तरह डिजिटल है। यदि उपभोक्ता का बैलेंस माइनस में जाता है, तो सर्वर से कमांड मिलते ही बिजली स्वतः बंद हो जाती है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे अपने बिजली बिल को हमेशा प्लस (अग्रिम) में रखें और समय से रिचार्ज करें, अन्यथा बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के सप्लाई बाधित हो जाएगी।


























