
हाथरस 17 मार्च । शहर में सोमवार को स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मीटर का बैलेंस माइनस में पहुंचते ही एक साथ करीब 4500 कनेक्शनों की बिजली काट दी गई। बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक हुई इस कार्रवाई से आक्रोशित उपभोक्ता शहर के वाटर वर्क्स बिजलीघर पर जमा हो गए और विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर हंगामा किया। बिजलीघर पहुंचे उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने समय पर अपना बिजली बिल जमा कर दिया था, इसके बावजूद विभाग ने मनमानी करते हुए उनके कनेक्शन काट दिए। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
हंगामा कर रहे लोगों ने बताया कि एक ओर सरकार निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार कर्मचारी बिना किसी ठोस वजह के भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं। ऑनलाइन सिस्टम में खराबी के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया, तो वे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों और शासन से करेंगे। काफी देर तक चले हंगामे के कारण बिजलीघर पर तनाव की स्थिति बनी रही।

























