
हाथरस 17 मार्च । राजनीति और समाज सेवा को नए आयाम देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी, हाथरस के अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने एक अत्यंत प्रेरणादायक निर्णय लिया है। उन्होंने मरणोपरांत अपना संपूर्ण पार्थिव शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्य (Medical Research) के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है। इस संबंध में उन्होंने जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, ए.एम.यू., अलीगढ़ को अपना औपचारिक इच्छापत्र प्रेषित कर दिया है। विवेक उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने पूरी तरह स्वेच्छा और अपने परिवार की सहमति से लिया है। उनका मानना है कि मृत्यु के पश्चात भी शरीर यदि आने वाली पीढ़ियों और चिकित्सा विज्ञान के काम आ सके, तो इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। मेरा उद्देश्य जीवन के साथ भी और जीवन के बाद भी मानवता की सेवा करना है। उपाध्याय ने क्षेत्र की जनता और समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मानव शरीर की उपलब्धता शोध के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस दिशा में आगे आना चाहिए। उनके इस साहसिक और जनहितकारी कदम की पूरे जनपद में व्यापक सराहना हो रही है।

























