
हाथरस 16 मार्च । भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता एवं युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष विनीत शर्मा (बंसी पंडित) को जिला प्रतिनिधि और विवेक गुप्ता को हाथरस नगर का मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के बाद आज भाजपा जिला कार्यालय पर एक स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें मालाएं पहनाकर और अंगवस्त्र (दुपट्टा) भेंट कर अपनी खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी ने अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि विनीत शर्मा और विवेक गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक सक्रिय व सशक्त होगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, रामवीर सिंह भय्याजी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुनीत आर्य, नवनीत गौतम, रजत चौधरी, नीरेश कुमार सिंह, नरेश ठाकुर और दीपक मुद्गल सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे। नवनियुक्त जिला प्रतिनिधि विनीत शर्मा और मंडल अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।


























