
हाथरस 16 मार्च । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा आज पुलिस कार्यालय के सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण ‘अपराध गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु कड़े दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थानों में लम्बित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्हें निश्चित समयावधि के भीतर निस्तारित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी अपराध, पॉक्सो, गैंगस्टर और एससी/एसटी एक्ट के मुकदमों में अपराधियों की गिरफ्तारी में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों, गौ-तस्करों और माफ़ियाओं का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने और गैंगस्टर एक्ट के तहत उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
तकनीक और पोर्टल के उपयोग पर बल
गोष्ठी में मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न एप्स और पोर्टल्स की समीक्षा की गई। एसपी ने यक्ष ऐप पर बीट प्रबंधन, अपराधी पंजीकरण और मालखाना रिकॉर्ड को समय पर फीड करने को कहा गया। ई-सम्मन और ई-साक्ष्य पर न्यायालय से प्राप्त सम्मन-वारंट का समय पर तामीला करने और एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर एसआईडी (SID) क्रिएशन अनिवार्य किया गया। ऑपरेशन दहन के तहत मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए कोर्ट से समन्वय कर कमेटी गठित करने को कहा गया। एसपी ने निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को अनाधिकृत रूप से थाने या चौकी पर न बैठाया जाए। मॉर्निंग पुलिसिंग, दिन और रात में नियमित गश्त की जाए। बैंक और वित्तीय लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। छोटी से छोटी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े विवाद या सांप्रदायिक तनाव की स्थिति न बने।
प्रमुख अभियान रहेंगे प्राथमिकता
बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दृष्टि, ऑपरेशन पहचान और ऑपरेशन क्लीन जैसे अभियानों को प्राथमिकता पर रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न पोर्टल्स (यूपी कॉप एप, सीईआईआर, आईटीएसको) के कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कुशवाह, क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ, कार्यालय क्षेत्राधिकारी सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


























