
हाथरस 16 मार्च । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव पापरी में बीती देर रात ट्रांसफार्मर पर बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट और पथराव का रूप ले लिया। गनीमत रही कि इस संघर्ष में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंची डायल 112 और चंदपा पुलिस ने मामले को शांत कराया। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के धर्मवीर सिंह और पवन कुमार ट्रांसफार्मर पर डंडे से बिजली का तार लगा रहे थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। गांव के ही रहने वाले लक्ष्मीकांत, जो विद्युत विभाग में संविदा कर्मी हैं, ने लाइनमैन को लाइट बंद करने की सूचना दी और अपने मोबाइल से जलते हुए ट्रांसफार्मर का वीडियो बनाने लगे। यह देख धर्मवीर और पवन को संदेह हुआ कि लक्ष्मीकांत उनकी हरकत का वीडियो बना रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट और पथराव में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर चंदपा कोतवाली ले आई। चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए थे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया। उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को भविष्य में विवाद न करने की सख्त हिदायत देकर समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।


























