
हाथरस 16 मार्च । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव कुमारपुर के ग्राम प्रधान चौधरी विजयपाल सिंह की माता जी के निधन पर सोमवार को विभिन्न राजनीतिक हस्तियों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। राज्यसभा सांसद और विधायक ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। ग्राम प्रधान की माता जी के निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और राष्ट्रीय लोकदल के सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार (गुड्डू भैया) सोमवार को कुमारपुर गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने प्रधान चौधरी विजयपाल सिंह से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और शोक सभा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद और विधायक ने कहा कि माता का जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करें। दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज ऐसे व्यक्तित्व को हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में सपा नेता राकेश चौधरी, ब्रजमोहन राही एडवोकेट, हमबीर सिंह, भानू प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने शोक व्यक्त करते हुए चौधरी विजयपाल सिंह के परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।


























