
हाथरस 16 मार्च । शहर के आगरा रोड स्थित विनायक इंटरनेशनल स्कूल की मान्यता को लेकर सोशल मीडिया में फैल रही भ्रांतियों पर स्कूल प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट की है। विद्यालय की प्रधानाचार्या करीना तायल सिंघल ने अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को सूचित किया है कि विद्यालय की शैक्षणिक साख पूरी तरह सुरक्षित है और सीबीएसई की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
तकनीकी कारणों से हुआ था पुन: सर्वे
प्रधानाचार्या ने बताया कि विनायक इंटरनेशनल स्कूल को सीबीएसई बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं तक की मान्यता अप्रैल 2025 में ही प्रदान कर दी गई थी। इसी आधार पर कक्षा 9 में प्रवेश की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू की गई थी। हालांकि, बाद में सीबीएसई द्वारा कुछ मानकों में ‘टेक्निकल इश्यूज’ (तकनीकी त्रुटि) पाए जाने के कारण मान्यता को अल्प समय के लिए रोका गया था और नियमानुसार पुनः सर्वे के आदेश दिए गए थे।
14 मार्च को हुआ निरीक्षण, रिपोर्ट उत्साहजनक
प्रबंधन के अनुसार, सीबीएसई द्वारा गठित नई जांच कमेटी ने 14 मार्च 2026 को विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण और पुनः सर्वे किया है। इस सर्वे के दौरान विद्यालय के सभी मानक और व्यवस्थाएं सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाई गई हैं। सर्वे की रिपोर्ट पूरी तरह से सकारात्मक (पॉजिटिव) रही है और अब केवल बोर्ड से आधिकारिक पत्र प्राप्त होना शेष है।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
प्रधानाचार्या करीना तायल सिंघल ने सभी अभिभावकों से निवेदन किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों से विचलित न हों। उन्होंने कहा कि स्कूल अपने छात्रों के भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस प्रक्रिया के दौरान धैर्य बनाए रखने के लिए अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की है।


























