Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ 16 मार्च 2026 को ग्राम धन सिंह नगला स्थित जी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। यह शिविर प्राचार्या प्रोफेसर सुषमा यादव के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। विशेष शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेविकाओं ने आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की और श्रमदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रोफेसर सुषमा यादव एवं डॉ. रेनू सिंह ने सरस्वती जी और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर कुमकुम भारती, अनु, प्रार्थना, खुशबू और प्रियंका ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्या प्रोफेसर सुषमा यादव ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करती है। हमें सदैव समाज की सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए और आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए। स्वयंसेविका काजल वार्ष्णेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस टीम भावना को प्रोत्साहित करती है और समाज के कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। कार्यक्रम का संचालन काजल वार्ष्णेय और खुशबू रावत ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत आरती, प्रभा, चंचल, तान्या और रितु ने नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी ने सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के पश्चात छात्राओं को जलपान कराया गया। इस अवसर पर जी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य नवीन शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना सदस्य अजय शर्मा, भूपेंद्र लाल, राजू सहित सभी स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page