
हाथरस 13 मार्च। कासगंज रोड पर उस समय बड़ा हादसा टल गया जब नशे में धुत एक रोडवेज बस चालक ने सवारियों से भरी बस को रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ा दिया। बस रेलवे ट्रैक की रेलिंग तोड़ते हुए ट्रैक पर जा घुसी, जिससे रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल बस को रेलवे ट्रैक से हटवाकर अपने कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना रेलवे फाटक के पास मथुरा से बरेली जा रही मथुरा डिपो की रोडवेज बस के चालक ने नशे की हालत में बस पर नियंत्रण खो दिया और वाहन रेलवे ट्रैक की ओर मोड़ दिया। गनीमत रही कि उस समय कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। कुछ देर बाद वहां से गुजरने वाली एक मालगाड़ी को रेलवे अधिकारियों ने धीमी गति से निकलवाया और बस को तुरंत ट्रैक से हटवा दिया गया। हादसे में बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद यात्रियों के अनुसार चालक नशे की हालत में लापरवाही से बस चला रहा था। हादसे में घायल तीन यात्रियों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
























