
हाथरस 13 मार्च। बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज के एक फोरमैन की मौत हो गई। हादसा हाथरस जंक्शन के पास उस समय हुआ जब वह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव मितनपुर निवासी 59 वर्षीय धर्मेंद्र पाल सिंह पुत्र गोकुल सिंह हाथरस रोडवेज में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। देर रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान हाथरस जंक्शन के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। धर्मेंद्र पाल सिंह अपने पीछे चार संतानों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
























