
हाथरस 13 मार्च। विधुत नगरीय वितरण खंड हाथरस के अधिशासी अभियंता ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं से समय रहते बिल जमा कराने और मीटर रिचार्ज कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हुए हैं और जिनका बिल बकाया है या मीटर में नेगेटिव बैलेंस चल रहा है, ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन ऑटोमेटिक रूप से कट सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अलीगढ़ और मथुरा में ऐसे उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर स्वतः कटने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में हाथरस में भी आगामी सोमवार से जिन उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में रिचार्ज या बिल जमा नहीं किया गया है, उनके बिजली कनेक्शन स्वतः काट दिए जाएंगे। अधिशासी अभियंता ने हाथरस के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिनके स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बकाया बिल या नेगेटिव बैलेंस है, वे समय रहते रिचार्ज कर लें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो और अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उपभोक्ता अपने बिजली बिल और बैलेंस की जानकारी के लिए “उत्तर उर्जा” मोबाइल एप डाउनलोड कर सकते हैं और उसी के माध्यम से मीटर रिचार्ज भी कर सकते हैं।
























