Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 मार्च । आज क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई। मशीन में फाल्ट और हाईटेंशन लाइन का तार टूटने के कारण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को करीब पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। भीषण कटौती के चलते जहां घरों में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया, वहीं खेतों में सिंचाई कर रहे किसानों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे चंदपा बिजली घर की मशीन में तकनीकी फाल्ट आ गया। इसके चलते अचानक क्षेत्र की सप्लाई बंद हो गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब कर्मचारियों ने मशीन ठीक की और बिजली सप्लाई शुरू हुई, तो राहत केवल 20 मिनट ही टिक सकी। सप्लाई शुरू होते ही हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया, जिससे अगले एक घंटे के लिए फिर से अंधेरा छा गया।

पानी और सिंचाई के लिए मची अफरा-तफरी

लगातार पांच घंटे बिजली गुल रहने का सबसे बुरा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा। सुबह के समय बिजली न होने से टंकियां खाली रह गईं और लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। इसके अलावा, वर्तमान में फसलों की सिंचाई का समय होने के कारण किसान भी खेतों में ट्यूबवेल चलने का इंतजार करते नजर आए। दोपहर बाद सप्लाई सुचारु होने पर ही लोगों ने राहत की सांस ली। जेई चंदपा जितेंद्र कुमार ने कहा कि सुबह पहले मशीन में तकनीकी खराबी (फाल्ट) आ गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया था। इसके तुरंत बाद हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने के कारण दोबारा कटौती करनी पड़ी। अब मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली सप्लाई सुचारु रूप से चालू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page