Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 मार्च । महिलाओं में जानलेवा साबित हो रहे सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को जड़ से खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत अब ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन को शामिल किया जा रहा है। जिले में इस अभियान का ट्रायल फेज 1 अप्रैल से शुरू होकर जून तक चलेगा, जिसके तहत 16,480 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के 49 अधिकारी और कर्मचारी हिस्सा लेंगे, जिनमें सभी सीएचसी प्रभारी और हेल्थ सुपरवाइजर शामिल हैं। जिला स्तर पर प्रशिक्षित होने के बाद ये अधिकारी ब्लॉक स्तर पर एएनएम और स्टाफ नर्सों को ट्रेंड करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम के अनुसार, यद्यपि यह वैक्सीन 9 से 15 वर्ष की आयु में दी जा सकती है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए इसे विशेष रूप से अनुशंसित किया है। इस उम्र में टीकाकरण संक्रमण के भविष्य के खतरे को 90 प्रतिशत तक कम कर देता है। जिले में वैक्सीन के सुरक्षित रख-रखाव के लिए 8 कोल्ड चेन पॉइंट बनाए गए हैं। टीकाकरण का मुख्य कार्य सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और जिला अस्पताल परिसर में संपन्न किया जाएगा। गौरतलब है कि सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है, जो लंबे समय तक शरीर में रहने पर कोशिकाओं को कैंसर में बदल देता है। सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने बताया कि मंडलायुक्त की पहल पर पहले भी 98 किशोरियों को यह टीका लगाया जा चुका है। अब प्रदेश स्तर पर शुरू हो रहे इस वृहद अभियान से जिले की हजारों बेटियों को कैंसर के खतरे से सुरक्षा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page