
सिकंदराराऊ (हसायन) 01 मार्च । विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढडौली के माजरा नगला पटरी से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुआ कक्षा आठ का छात्र राजा (13 वर्ष) सकुशल मिल गया है। छात्र के घर लौटने और पुलिस द्वारा उसे परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद परिवार में व्याप्त कोहराम थम गया और परिजनों ने राहत की सांस ली।
आटा लेने गया था छात्र, नहीं लौटा घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला पटरी निवासी धीरेंद्र कुमार का पुत्र राजा, जो सीताराम सिंह इंटर कॉलेज गडोला में कक्षा आठ का छात्र है, मंगलवार की शाम अपनी साइकिल से ग्राम पंचायत गंगापुर स्थित एक चक्की पर आटा लेने गया था। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन और सहपाठियों से पूछताछ के बाद भी जब राजा का कोई सुराग नहीं लगा, तो पिता धीरेंद्र सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।
हाथरस क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मिला
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस और परिजन लगातार छात्र की तलाश कर रहे थे। इसी बीच राजा हाथरस क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ मिला। एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी, जिसे छात्र की मानसिक स्थिति और गतिविधियां सामान्य नहीं लगीं। राहगीर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए राजा को एक दुकानदार के पास बैठाया और उससे पूछताछ की। इसी दौरान राजा ने अपने मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे सकुशल पाकर भावुक हो उठे।
पुलिस ने की काउंसलिंग, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सौंपा
परिजनों ने छात्र को मिलने के बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने छात्र की काउंसलिंग की और घर से अचानक चले जाने के कारणों को जानने का प्रयास किया, हालांकि राजा इस संबंध में कोई सटीक या स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। कोतवाली पुलिस ने नियमानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और संतुष्ट होने के बाद उसे आधिकारिक रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया।





































