
सिकंदराराऊ 01 मार्च । आगामी होली पर्व और रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को प्रभावी व सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) रामानंद कुशवाहा ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ थाना सिकन्दराराऊ क्षेत्र के मुख्य बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने अपील की कि होली और रमजान का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की। एएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग करने वालों या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक सिकन्दराराऊ को निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले बाजारों और मुख्य चौराहों पर पुलिस की निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां बैरियर लगाने और संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से ही आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा होगा। इस महत्वपूर्ण सुरक्षा निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी (CO) सिकन्दराराऊ जे.एन. अस्थाना, प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और कर्मचारीगण मौजूद रहे। प्रशासनिक सक्रियता को देखकर स्थानीय व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया है।






































