Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तालाब चौराहे पर लगाए गए कांवड़ शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्राम कर रहे कांवड़ियों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना, फल वितरित किए तथा पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत-अभिनंदन किया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों से उनके आगमन स्थल एवं गंतव्य के संबंध में जानकारी ली तथा जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कांवड़ियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, साफ-सफाई एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी, सुचारु यातायात प्रबंधन एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा नगर पालिका परिषद हाथरस के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page