Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 09 फरवरी । कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडौली में वृद्ध अमरनाथ बाबा हत्याकांड को एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है। घटना के 31 दिन बाद भी न तो हत्याकांड का अनावरण हो पाया है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है। उल्लेखनीय है कि नौ जनवरी शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे अमरनाथ बाबा (72 वर्ष) पुत्र श्यामलाल का शव उनके घर के एक कमरे में चारपाई के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में रक्तरंजित अवस्था में मिला था। इस मामले में मृतक की चचेरी बहन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। हत्याकांड के बाद कोतवाली पुलिस के साथ-साथ एसओजी सहित अन्य विशेष पुलिस टीमें भी जांच में लगाई गईं। संदेह के आधार पर कई ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आ सका। बताया जाता है कि अमरनाथ बाबा गांव में लोगों को ब्याज पर रुपये उधार दिया करते थे और घटना से एक रात पहले वह घर के बाहर आग तापते हुए भी देखे गए थे। बावजूद इसके पुलिस अब तक मामले की गुत्थी सुलझाने में असफल रही है। लगातार हो रही पूछताछ और जांच-पड़ताल के चलते गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन परिणाम शून्य हैं। एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने से ग्रामीणों में नाराजगी और भय दोनों व्याप्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page