Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 फरवरी । शादी-विवाह के शुभ मुहूर्तों यानी सहालग की शुरुआत 3 फरवरी से हो गई है, जिसके चलते शहर के बाजारों में एक बार फिर रौनक लौट आई है। लंबे समय बाद एक साथ कई शुभ तिथियां आने से व्यापारियों को इस सहालग सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। सबसे अधिक उत्साह कपड़ा व्यापारियों में देखने को मिल रहा है। शादी के मौसम में दूल्हा-दुल्हन के परिधान, साड़ियां, लहंगे, सूट और बच्चों के कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ गई है। इसे देखते हुए बाजारों में नए डिजाइन और लेटेस्ट फैशन के परिधान खूब बिक रहे हैं। सहालग का असर परचून व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मिठाई, किराना और शादी में प्रयोग होने वाली सामग्री की बिक्री में इजाफा हुआ है। वहीं ब्यूटी पार्लर, मेहंदी कलाकार, ज्वेलरी, बर्तन, फर्नीचर और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोग भी सहालग को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। बर्तन और फर्नीचर व्यापारियों ने शादियों में दिए जाने वाले बर्तन व उपहार सामग्री की डिलीवरी देना शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख बाजार बागला मार्ग, रामलीला ग्राउंड, बैनीगंज, होली वाली गली और मोती बाजार में ग्राहकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। शाम के समय बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।

बर्तन के थोक विक्रेता गौरव तायल ने हमारा हाथरस को बताया कि इस साल सहालग कुछ देर से शुरू हुए हैं, लेकिन कम दिनों में अच्छे सहालग पड़ रहे हैं। इसी वजह से फुटकर व्यापारियों ने पहले से ही अच्छा स्टॉक कर लिया है और बिक्री भी अच्छी हो रही है। शंकर कैटर्स के संचालक ने बताया कि सहालग को लेकर पहले से तैयारी कर ली गई थी। इस माह करीब 14 बुकिंग हैं और जिन घरों में शादियां हैं, वहां सामान पहुंचाना शुरू कर दिया गया है। इस सीजन में अच्छी बुकिंग होने के कारण कुछ नए डिजाइनों की कैटरिंग सेवाएं भी शुरू की गई हैं। कपड़ा व्यापारी आदित्य अग्रवाल ने बताया कि सर्दी और गर्मी के बीच के मौसम को ध्यान में रखते हुए दूल्हों के लिए विशेष कलेक्शन तैयार किया गया है। पुरुषों के लिए पार्टी वियर ड्रेस की अच्छी मांग है और उनके यहां कई ऐसे यूनिक पीस उपलब्ध हैं, जो बाजार में आसानी से नहीं मिलते। परचून विक्रेता राहुल चौधरी ने बताया कि परचून के सामान की बुकिंग के लिए कई सूचियां पहले ही मिल चुकी हैं। तिथियों के अनुसार माल की डिलीवरी की जा रही है। शहरी क्षेत्र में अच्छी बुकिंग हैं और इस सीजन में बड़ी शादियां आयोजित हो रही हैं।

विवाह की शुभ तिथियां

फरवरी माह में विवाह के 4, 5, 10, 20 व 21 तारिख को शुभ मुहूर्त रहेंगे, जबकि मार्च में 9, 10, 11 व 12 मार्च को विवाह संपन्न होंगे। अप्रैल माह में 20, 21, 25, 26, 29 व 30 अप्रैल को शुभ तिथियां हैं। मई में सबसे अधिक सहालग रहेंगे, जिनमें 5, 6, 7, 8, 9, 10 व 13 मई शामिल हैं। जून माह में 19, 20, 22, 23, 24, 26, 27 व 29 जून को विवाह के शुभ योग बनेंगे। जुलाई में 1, 3, 4, 6, 8, 9 व 11 जुलाई को शादियां होंगी। सितंबर माह में 21 सितंबर को एक शुभ तिथि रहेगी, जबकि नवंबर में 2, 3, 10, 11, 12, 13, 21, 22, 24, 25 व 26 नवंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं। दिसंबर माह में 2, 3, 4, 5, 11 व 12 दिसंबर को विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page