
हाथरस 03 फरवरी । हाथरस जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक कार्य दिवस सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास संबंधित मतदान केंद्र की 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, ताकि मतदाता आसानी से अपना नाम खोज सकें। इसी सूची पर मतदाता आवश्यकतानुसार अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने सभी एसडीएम और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ये केंद्र इस प्रकार बनाए जाएंगे कि मतदाता पहुंचते ही उन्हें आसानी से पहचान सकें, और सभी केंद्रों पर बैनर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि इन सुविधाओं की पूरी निगरानी की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी रहे।
















