
हाथरस 19 जनवरी । अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह द्वारा आज थाना चन्दपा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में उन्हें सलामी दी गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अमित पाठक, प्रभारी निरीक्षक थाना चन्दपा श्याम सिंह सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क तथा थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया गया। थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच कर उनके रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया तथा अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक एवं संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मालखाने के निरीक्षण के दौरान शस्त्रों के रखरखाव की स्थिति देखी गई तथा समय-समय पर शस्त्रों की साफ-सफाई एवं उचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त थाना भवन एवं परिसर की साफ-सफाई व रखरखाव को बेहतर बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में मुकदमों से संबंधित माल के विधिक निस्तारण के संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना चन्दपा को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस ने प्रभारी निरीक्षक को थाने पर आने वाले आगंतुकों एवं फरियादियों की शिकायतें शालीनता के साथ सुनकर उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रूप से बैंक, एटीएम, वित्तीय एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की चेकिंग, तथा एंटी रोमियो टीम को सक्रिय रखते हुए स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सतत चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी पुलिसकर्मियों को महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी गई।






































