
आगरा 14 नवम्बर । ठंडी पछुआ हवाओं ने उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया है। शुक्रवार को कानपुर शहर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, इटावा, बरेली, अयोध्या, बाराबंकी और बुलंदशहर में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा और आसपास के इलाकों में भी रात में कड़ाके की ठंड रही। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को प्रदेश के मध्यांचल के लगभग 17 जिलों में आंशिक शीतलहर की संभावना है। यह मौसम का बदलाव अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश में दिन और रात के तापमान में एक डिग्री और गिरावट आएगी। इसके बाद 16 नवंबर से मौसम में स्थिरता आने और पारे में थोड़े बदलाव के संकेत हैं। इसके दौरान कहीं-कहीं सुबह और शाम को कोहरा छाया रह सकता है। राजधानी लखनऊ में दिन में पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार के बाद पारे का गिरना थमेगा और हवा का रुख पछुआ से उत्तरी होने के संकेत हैं।

















