
अयोध्या 25 अक्टूबर । शरद ऋतु के आगमन के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला के दर्शन की नई समय सारिणी जारी की है। मौसम में परिवर्तन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और रामलला की सेवा व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। अब 23 अक्टूबर से श्रद्धालु सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही आरती और भोग के समय में भी बदलाव किया गया है। राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि शरद ऋतु के प्रारंभ होने से तापमान में गिरावट आ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए रामलला के राग-भोग एवं वस्त्रों में भी परिवर्तन किया गया है ताकि उन्हें ठंड न लगे। अब रामलला को गुनगुने पानी से स्नान कराया जा रहा है और भोग में ड्राई फ्रूट्स की मात्रा बढ़ा दी गई है। सर्दी बढ़ने पर रामलला को रजाई ओढ़ाई जाएगी और ऊनी वस्त्र धारण कराए जाएंगे।
नई समय सारिणी इस प्रकार है —
-
सुबह 4:30 बजे — मंगला आरती
-
सुबह 6:30 बजे — शृंगार आरती, दर्शन मार्ग से प्रवेश प्रारंभ
-
सुबह 7:00 बजे — रामलला के दर्शन प्रारंभ
-
दोपहर 12:00 बजे — भोग आरती, डी-वन से प्रवेश बंद
-
दोपहर 12:30 से 1:00 बजे तक — मंदिर के पट बंद रहेंगे
-
दोपहर 1:00 बजे — दर्शन पुनः प्रारंभ
-
रात 9:00 बजे — डी-एक से प्रवेश बंद
-
रात 9:15 बजे — दर्शन समाप्त
-
रात 9:30 बजे — शयन आरती एवं कपाट बंद
इन बदलावों के साथ श्रद्धालु अब आरामदायक वातावरण में रामलला के दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नई समय सारिणी के अनुसार दर्शन हेतु प्रस्थान करें और व्यवस्था में सहयोग दें।















































