Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 सितम्बर। ब्रज के द्वार कहे जाने वाले हाथरस में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 115वें विशाल राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता इस बार भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। श्री दाऊजी महाराज को मल्ल विद्या के गुरु के रूप में श्रद्धापूर्वक माना जाता है, जिसके चलते मेले में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता की अपनी विशेष पहचान है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी हाथरस पहुंचकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 23 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी प्रतियोगिता, जो रात्रि में फाइनल मुकाबला संपन्न होने तक चलेगी। डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। लगभग 20 दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का संचालन हाथरस के जिलाधिकारी के निर्देशन में किया जाता है। श्री दाऊजी महाराज के श्रीचरणों में आयोजित होने वाला यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए भी विशेष पहचान रखता है।

कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट देव चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने हाथरस की जनता, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक राजकीय मेले में होने वाली इस प्रतियोगिता से हाथरस की खेल प्रतिभा और मेले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि गत वर्ष उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्री दाऊजी महाराज मेले का उद्घाटन किया था और श्री दाऊजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया था। इस वर्ष भी मेले को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और 23 सितंबर को होने वाली डे-नाइट राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page