Hamara Hathras

Latest News

हाथरस, 23 जुलाई। श्री राम सेवा संकल्प संगठन के तत्वावधान में बढ़रिया नवमी के अवसर पर शहर के नयावांस रोड स्थित सीयलखेड़ा जैन बगीची में कुशवाहा समाज के नवयुवक एवं नवयुवतियों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 11 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे। नवदंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर मांगलिक गीतों एवं शुभकामनाओं से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा एवं प्रेम रघु मेडिकल ग्रुप के डायरेक्टर डॉ पीपी सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके उपरांत पूर्व अध्यक्ष गोकुलचंद कुशवाहा, प्रधान महौ ऋषि कुमार शेखावत, रामस्वरूप कुशवाहा (श्रीराम ज्वैलर्स, सासनी), भीष्मपाल सिंह कुशवाहा एवं नगर अध्यक्ष सपा ताराचंद कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा रहे, जबकि अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी चंदन सिंह कुशवाहा ने की। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरबहादुर कुशवाहा, वेदप्रकाश उर्फ टीनू भैया, एस कुमार सिंह, श्री लवकुश सेवा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, योगेश प्रधान कोटा, भगवान सिंह शेखावत, ज्ञानेन्द्र सिंह कुशवाहा, दिगम्बर सिंह, संजय सिंह, डॉ. दयाशंकर कुशवाहा, डॉ. साहब सिंह कुशवाहा, मिलन कुशवाहा, धर्मपाल सिंह कुशवाहा एवं आशुतोष कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में विवाह की सभी रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराई गईं। बैंड-बाजों की धुन पर निकली बारात में सभी 11 दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे। बारात का भव्य स्वागत करते हुए बारौठी की रस्म निभाई गई। इसके बाद विशाल मंच पर जयमाला समारोह आयोजित हुआ, जहां वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे और अन्य वैवाहिक संस्कार संपन्न कराए गए।

विवाह समारोह के उपरांत वर एवं वधू पक्ष के सभी अतिथियों के लिए भव्य ज्यौनार (भोजन) की व्यवस्था की गई। साथ ही नवविवाहित दंपतियों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री एवं उपहार प्रदान कर सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देकर विदाई दी गई। इस अवसर पर श्री राम सेवा संकल्प संगठन के अध्यक्ष उमेश कुमार कुशवाहा एडवोकेट (कातिब), महामंत्री सत्यप्रकाश कुशवाहा, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाहा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयप्रकाश कुशवाहा ने सभी अतिथियों तथा वर-वधू पक्ष के परिजनों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री शेखर कुशवाहा ने किया, जबकि अंत में संगठन के अध्यक्ष एवं संयोजक उमेश कुमार कुशवाहा एडवोकेट ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सांसद प्रतिनिधि ठाकुर राजेश कुमार सिंह (गुड्डू भैया), जगदीश कुशवाहा, भूदेव सिंह भोजगढ़ी, भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, सभासद हरिशंकर कुशवाहा, प्रचार मंत्री वीरेन्द्र सिंह (वीरू भैया), मीडिया प्रभारी सोनू कुशवाहा, डॉ वीके सिंह, संगठन मंत्री चंद्रप्रकाश एडवोकेट, आय-व्यय निरीक्षक आनंद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page