
हाथरस 04 नवंबर। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को अपने शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का अवसर दिया है। इसके लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in को 2 नवंबर से 12 नवंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक क्रियाशील रखा गया है। जारी निर्देशों के अनुसार, छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों में छात्र, माता और पिता के नाम की वर्तनी संबंधी त्रुटि, विषय एवं वर्ग में संशोधन, जेंडर, जाति, हिंदी-अंग्रेजी माध्यम और फोटो में सुधार कराया जा सकेगा। इसके अलावा कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी संशोधित करने का अवसर दिया गया है। इस संबंध में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि परिषद की वेबसाइट पर अपलोड सभी संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों का विद्यालयीय अभिलेखों से मिलान कर अच्छी तरह जांच कर लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित प्रधानाचार्य पोर्टल पर लॉगइन कर निर्धारित समयसीमा के भीतर संशोधन एवं अपडेट की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
वहीं, जन्मतिथि में संशोधन, छात्र अथवा माता-पिता के पूर्ण नाम में बदलाव तथा छात्र-छात्राओं के विवरण को नियमानुसार डिलीट या रिस्टोर कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। ऐसे मामलों में प्रधानाचार्यों को आवश्यक अभिलेखों और प्रमाणपत्रों के साथ आवेदन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 16 नवंबर तक जमा कराना होगा। ऑफलाइन आवेदन के साथ प्रवेश आवेदन पत्र, एसआर रजिस्टर की प्रमाणित प्रति, उपस्थिति पंजिका की प्रमाणित प्रति, परीक्षार्थी का पहचान पत्र, कक्षा 9वीं अथवा 11वीं के पंजीकरण कार्ड की छायाप्रति, सही प्रविष्टियों से संबंधित शपथ पत्र, जिला विद्यालय निरीक्षक अथवा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाणपत्र तथा प्रधानाचार्य द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित आवेदन पत्र प्रस्तुत करना होगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। ऐसे में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और परीक्षार्थियों को निर्देशों के अनुसार समय रहते सभी त्रुटियों का निराकरण कराने की सलाह दी गई है, ताकि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





